देश की प्रथम महिला खुद मास्क बनाकर कर रहीं गरीबों की मदद

नई दिल्ली। कोरोना वायरस संकट के इस दौर में सरकार से लेकर आम नागरिक तक अपने-अपने स्तर से कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने में जुटा हुआ है। इस बीच देश की प्रथम महिला सविता कोविंद ने गरीबों के लिए खुद मास्क बनाकर कोरोना से जंग में डटे रहने का संदेश दिया है।



बुधवार को उन्होंने राष्ट्रपति भवन के शक्ति हाट में सिलाई मशीन पर बैठकर खुद मास्क सिले। कोरोना के खिलाफ उनकी इस सादगी भरे प्रयास को देख हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। मास्क बनाते समय सविता कोविंद खुद कपड़े का बना लाल रंग का मास्क लगाए सिलाई करती नजर आईं। यह सभी मास्क दिल्ली के अलग-अलग शेल्टर होम भिजवाए जाएंगे।


प्रथम महिला ने इस पहल के जरिए संदेश दिया कि हर कोई कोरोना वायरस से लड़ सकता है और अपने अपने हिसाब से इस मुहिम में योगदान दे सकता है। इस समय कोरोना से बचाव के लिए बाजार में तीन लेयर वाले सर्जिकल मास्क, N-95 मास्क व कपड़े के बने मास्क मिल रहे हैं।