सामाजिक कार्यकर्ताओ ने पौधे लगाकर दिया विश्व शांति का संदेश


लखनऊ। हैलो फाउंडेशन, मानस पर्यावरण और एलडीए की ओर से गोमती तट पर शनिवार को पंचवटी और पंचपल्लव की स्थापना न्यू लक्ष्मण पार्क में करते हुए विश्व शांति दिवस मनाया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत तथा विश्व शांति दिवस पर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण कर दुनिया में सौहार्द के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।


पौधे लगाना मानवता पर सबसे बड़ा उपकार : कृपा शंकर


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले सेवा सप्ताह और स्वच्छ भारत मिशन एवं विश्व शांति दिवस पर संस्था द्वारा वृहद पौधरोपण का आयोजन किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम ने कहा कि आज के दिन पूरा विश्व 'विश्व शांति दिवस' के रूप में मना रहा है। इस बार यूएनओ ने इस दिवस को पहली बार विशेष रूप से पर्यावरण से जोड़ते हुए इस दिवस का थीम “क्लाईमेट एक्शन फाॅर पीस” घोषित किया है।


एलडीए के उपाध्यक्ष प्रभु नाथ सिंह ने कहा कि पौधरोपण के जरिये मानवता पर बड़ा उपकार किया जा सकता है। यह सबसे सुलभ और सस्ता सामाजिक कार्य है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक कृपा शंकर ने कहा कि पौधे लगाने का काम मानवता पर सबसे बड़ा उपकार होगा। यह प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी होनी चाहिए। विश्व संवाद केंद्र के सचिव अशोक कुमार सिन्हा ने हरित पट्टी की घटती सीमा को चिंताजनक बताया।


भारतीय परंपरा में वृक्ष को देव की मान्यता : सुभाष चंद्र


इस अवसर पर  राज्य सूचना आयुक्त सुभाष चंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय परंपरा में वृक्ष को देव की मान्यता दी गई है। इसके पीछे यह मान्यता थी कि समाज पौधों की सुरक्षा के लिए स्वतः संवेदनशील रहे। एलडीए के नोडल अधिकारी एस पी सिसौदिया ने बताया कि बताया कि एलडीए ने रिकॉर्ड पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य किया है।


पर्यावरण रक्षा के लिये स्वयं आगे आएं : शशि सिंह

हैलो संस्था की अध्यक्ष शशि सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरा विश्व पर्यावरण की बिगड़ती हालत से परेशान है इसलिये इसके सुधार के लिये विभिन्न प्रयास किये जा रहे हैं, ऐसे में हम सभी का यह कर्तव्य बनता है कि पर्यावरण रक्षा के लिये स्वयं आगे आएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा, मानवता के लिये बहुत आवश्यक है। अभी तक हम पर्यावरण सुरक्षा को स्वास्थ्य से जोड़कर देखते थे, अब यूएनओ पर्यावरण को विश्वशान्ति से जोड़कर देख रहा है। इसके लिए वैश्विक स्तर पर प्रयास हो रहे हैं। परमानन्द शर्मा  ऩे कहा मौजूदा हालात में पर्यावरण सुरक्षा की आवश्यकता मानवता को बचाने के लिये और विश्व शान्ति के लिये अधिक जरूरी हो गई है।


इस अवसर पर पंच पल्लव और पंच वाटिका स्थापित करने में एलडीए के अधिकारी मोहम्मद इमरान, दिवाकर,परमानन्द शर्मा अधिवक्ता उच्च न्यायालय, पर्यावरण कार्यकर्ता अभिषेक श्रीवास्तव, अमित त्रिपाठी,  शिप्रा,  बुलबुल,  हरीश,  मनोज सिंह चौहान और  संदीप शर्मा मौजूद रहे।