गढ़चिरौली : नक्सली हमले में 15 जवान शहीद


महाराष्ट्र। गढ़चिरौली में नक्सलियों ने आईडी ब्लास्ट कर पेट्रोलिंग के लिए जा रही गाड़ी को उड़ा दिया, जिसमें महाराष्ट्र पुलिस के 15 जवान शहीद हो गए। हमले में जवानों को ले जा रही गाड़ी का ड्राइवर भी मारा गया है। ये सभी जवान नक्सल विरोधी सी-60 ग्रुप के सदस्य थे। घटनास्थल पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी भी हुई है।


हमले का मुंहतोड़ जवाब देंगे -डीजीपी


महाराष्ट्र के डीजीपी सुबोध जयसवाल ने कहा कि सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर यह घटना हुई। लैंड माइंस ब्लास्ट कर इस घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें 15 जवान शहीद हो गए। एक वाहन चालक की भी मौत हुई है। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर मुख्यमंत्री से बात हुई है, हम इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। आईजी शेलार शरद ने जवानों के शहीद होने के खबर की पुष्टि करते हुए बताया आईडी ब्लास्ट काफी जोरदार था। इस ब्लास्ट में गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। 24 घंटे के अंदर यह दूसरा नक्सली हमला है।


जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा


पीएम नरेंद्र मोदी ने इस नक्सली हमले की निंदा करते हुए अपने ट्वीट में लिखा, "जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। शहीद जवानों के परिजनों के साथ मेरी संवेदना है। मैं बहादुर जवानों को सलाम करता हूं।"


हमें अपने जवानों पर गर्व


केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी नक्सली हमले पर शोक व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। सीएम ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ हम इससे अधिक और मजबूत तरीके से लड़ाई लड़ेंगे। शहीद के परिजनों के प्रति मेरी संवेदना है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हमले को नक्सलियों की कायराना हरकत करार देते हुए कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि हमें अपने जवानों पर गर्व है, उनका सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।


बीती रात नक्सलियों ने कुरखेडा तालुका के दानापुर इलाके में सड़क निर्माण में जुटी कंपनी के लगभग 50 वाहनों को निशाना बनाते हुए उन्हें आग के हवाले कर दिया था। इस इलाके में सड़क की मरम्मत और नई सड़क बनाने का काम चल रहा था।