जनता की ताकत से लोकतंत्र में आएगा बदलाव : अखिलेश यादव


औरैया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज जिला औरैया के मंडी का मैदान में इटावा लोकसभा प्रत्याशी कमलेश कठेरिया के पक्ष में और कन्नौज से लोकसभा प्रत्याशी सांसद डिम्पल यादव के समर्थन में बिधूना तहसील के पास चुनावी सभा को सम्बोधित किया।


मतदाताओं से चैकीदार और ठोकेदार


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को केन्द्र सरकार के 5 वर्ष और राज्य सरकार के 2 वर्ष के कुल मिलाकर 7 वर्ष के अपने काम काज का ब्यौरा देना पड़ेगा। उन्होंने कहा, 2019 के चुनावों से देश का भविष्य भी तय होगा। मतदान के पहले, दूसरे चरण में गठबंधन के पक्ष में वोटों की अच्छी बारिश हुई है। अब तीसरे चरण में भी गठबंधन जीतेगा। उन्होंने मतदाताओं से चैकीदार और ठोकेदार दोनों को शिकस्त देने की अपील की।


भाजपा ने गरीब महिलाओं को मिलनेवाली पेंशन


श्री यादव ने कहा कि भाजपा वालों की हवा खराब हो गई है। उनकी भाषा बदल गई है। केन्द्र की भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया। जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया। वे वादे जनता को याद हैं। भाजपा को जरूर भूल गए हैं। देश नाजुक दौर से गुजर रहा है। कई देशों से हम पिछड़ गए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में पीछे हो गए हैं। पुलिस व्यवस्था 100 यूपी डायल से सुधर गई थी, भाजपा ने उसे बर्बाद कर दिया। भाजपा की सरकार ने गरीब महिलाओं को मिलनेवाली पेंशन रोक दी गई। छात्र-छात्राओं को भाजपा ने वादे के बाद भी लैपटाॅप नहीं बांटे। नौकरी में भर्तियां भी रूकी हुई हैं।




शौचालय बनवाए जिनमें पानी नहीं आता


श्री यादव ने कहा उन्हें क्या-क्या नहीं कहा गया। मुख्यमंत्री जी की बात को प्रधानमंत्री जी भी दुहराने लगे हैं। भाजपाई संविधान के अलावा दूसरी शपथ भी लेते है। नोटबंदी कर जनता की गाढ़ी कमाई बैंक में जमा करा दी और वह रकम लूट कर 36 हजार उद्योगपति देश छोड़कर चले गए। भाजपा ने शौचालय बनवाए जिनमें पानी नहीं आता है। मुख्यमंत्री जी की ठोको नीति का असर है कि कहीं पुलिस जनता को ठोक रही है और कहीं जनता पुलिस को ठोक रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन जनता की ताकत है। जनता की ताकत से ही लोकतंत्र में बदलाव आता है। जनता बदलाव के पक्ष में है। जनता भाजपा से बुरी तरह मायूस हो चली है। मतदान में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। जुमलापार्टी भाजपा के दिन अब खत्म हो चले हैं। देश को अब नया प्रधानमंत्री भी मिलेगा।

लोग डबल इंजन की सरकार से निराश और हताश


कन्नौज से लोकसभा प्रत्याशी सांसद डिम्पल यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार आएगी तो रूके हुए कार्य पूरे किए जाएंगे। महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य की उपेक्षा हो रही है। लोग डबल इंजन की सरकार से निराश और हताश है। भाजपा सरकारों ने कोई विकास कार्य नहीं किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में समाजवादी सरकार आएगी तो गरीब महिलाओं को 3 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जायेगी। श्रीमती यादव ने कहा कि जो गठबंधन बना है वह गरीबों, नौजवानों, किसानों, पिछड़ों, बेरोजगारों और अल्पसंख्यकों का अपना गठबंधन है। यह मजबूत गठबंधन है। उन्होंने मतदाताओं से गठबंधन के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का आग्रह किया।