वायु प्रदूषण : शादी-समारोह में आतिशबाजी पर रोक, ईंट-भट्टे और आरा मशीनें बंद करने के न‍िर्देश

लखनऊ। लगातार खतरनाक हो रहे वायु प्रदूषण पर प्रशासन धीरे-धीरे और सख्ती बरत रहा है। प्रशासन ने शादी-समारोहों में आतिशबाजी पर रोक लगा दी है। केवल इको ग्रीन पटाखे जलाने की ही अनुमति होगी। साथ ही बिना एनओसी चल रहे ईंट भट्टों और आरा मशीनों को बंद करने का आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने अफसरों को वायु प्रदूषण पर तत्काल नियंत्रण करने के आदेश दिए हैं।शादी-समारोहों में अब केवल ईको ग्रीन पटाखे जलाने की ही अनुमति होगी। अधिक धुएं और आवाज वाली आतिशबाजी करने पर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।


डीएम ने शहर में सभी आरा मशीनों का सत्यापन करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जो मशीनेंं बिना एनओसी चल रही हैं उनको तत्काल बंद करने को कहा है। जिले में बिना पर्यावरणीय एनओसी के जितने भी भट्टे संचालित किए जा रहे हैं, उनको रविवार से बंद करने को कहा गया है।


डीएम अभिषेक प्रकाश ने शहर में चल रहे सभी बड़े निर्माण कार्य खासकर पुराने शहर में बन रहे तीनों फ्लाईओवर पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। डीएम ने सुबह और शाम पानी का छिड़काव करने और नेट से ढकने को कहा है। इसके अलावा शहर में सभी पुलिस, प्रशासनिक और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश हैं कि जहां कहीं पर भी वायु प्रदूषण को बढ़ाने वाला काम किया जा रहा हो तत्काल एक्शन लें। अगर किसी तरह की दिक्कत हो तो अपने विभागाध्यक्ष से संपर्क करें। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा है। उन्होंने खेत, सड़क या खाली प्लाट में कूड़ा जलानेे पर जुर्माना लगाए जाने के भी निर्देश दिए।