जैथरा पुलिस ने चलाया एंटी रोमियो अभियान


एटा। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों को रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जुलाई से 31 जुलाई तक 'बालिका सुरक्षा अभियान' नाम से विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। जुलाई माह की शुरुआत होते ही सोमवार को जैथरा पुलिस ने कस्बा में कॉलेजों के बाहर एंटी रोमियो अभियान चलाया। एंटी रोमियो स्क्वॉड ने कॉलेज कैप्स में जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए।


अभियान के तहत एसओ जैथरा जितेंद्र सिंह भदौरिया ने आज सुबह कस्बा के नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज में छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं को बताया कि कोई भी समस्या होने पर महिला हेल्पलाइन नम्बर 1090 पर कॉल की जा सकती है। सरकार ने लड़कियों को सुरक्षा आदि के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन भी किया है। कोई भी महिला उत्पीड़न न सहकर पुलिस को जानकारी दे, इससे समस्या का स्थायी हल हो जाएगा।


एसओ श्री भदौरिया ने छात्राओं को बताया कि किसी जगह पर कोई असामाजिक तत्व परेशान करें तो सबसे पहले शोर मचाएं। इसके साथ ही पुलिस, हेल्प लाइन को जानकारी दें। पुलिस आपकी अभिभावक और दोस्त के रूप में है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मामलों में छात्राओं का उत्पीड़न करने वालों को मिली सजा की जानकारी भी दी। एसओ भदौरिया व एसआई अरविंद कुमार ने कॉलेजों के बाहर चेकिंग अभियान भी चलाया एवं अनावश्यक जमावड़ा लगाने वाले अराजक तत्वों को खदेड़ा और भविष्य में कॉलेज गेट पर जमावाड़ा ना लगाने की हिदायत दी।


रिपोर्ट-अनंत मिश्रा