लखनऊ में स्थित केजीएमयू के डॉक्टरों ने एक बड़ा कमाल कर दिया है। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉक्टरों ने 16 वर्षीय किशोरी की आंत से सफलतापूर्वक जननांग विकसित करने का कारनामा कर दिखाया है। सिग्मॉयड वेजाइनोप्लॉस्टी तकनीक से किया जाने वाला देश में पहला और विश्व में तीसरा ऑपरेशन बताया जा रहा है। ऐसे केस दस हजार में किसी एक बच्ची में मिलते हैं। उत्तर प्रदेश के रायबरेली की रहने वाली किशोरी के जन्म से ही जननांग (वेजाइना, यूट्रस) नहीं थे।
एक जटिल ऑपरेशन में यूरॉलजी विभाग के डॉक्टरों ने एक ऐसी किशोरी का ऑपरेशन किया, जिसके जन्म से न बच्चेदानी थी न जननांग। उसके दिल के वॉल्व में खराबी थी। गुर्दे और रीढ़ की हड्डी की कुल 9 बीमारियां थीं। डॉक्टरों ने चुनौती स्वीकारते हुए बड़ी आंत काटकर उससे जननांग बना दिया। यह युवती अब शादी करके वैवाहिक जीवन जी सकती है।
डॉक्टरों ने दावा किया है कि दुनिया में इतने जटिल ऑपरेशन अब तक सिर्फ दो ही हुए हैं। भारत में इस तरह का यह पहला ऑपरेशन किया गया। डॉ. विश्वजीत ने बताया कि युवती को 15 दिन पहले भर्ती किया, कुछ दिन दवाएं चलीं। इसके बाद पहले पेट में चीरा लगाकर बड़ी आंत का पांच सेंटीमीटर का टुकड़ा निकाला गया। उसी टुकड़े से जननांग बनाया गया। आयुष्मान भारत के माध्यम से किशोरी का इलाज बिलकुल मुफ्त किया गया है।