लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चौधरी चरण सिंह की 32वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि किसानों, पिछड़ी जातियों, कमजोर वर्गो, अल्पसंख्यको, अनुसूचित जनजातियों के अधिकतम विकास हेतु उन्हें सुरक्षा एवं सहायता देने का चौधरी चरण सिंह का संकल्प हमें उन्हीं के दिखाए रास्ते पर चलकर पूरा करना होगा।
उन्होंने कहा कि चौधरी साहब की ईमानदारी और नैतिकता के सभी कायल रहे हैं। आज भी उनकी आर्थिक नीतियों को अपनाकर देश का विकास सम्भव है। चौधरी साहब का मानना था कि कृषि का विकास एवं गांवों को आत्मनिर्भर बना कर राष्ट्र की तरक्की की जा सकती है। कुटीर उद्योग के विस्तार से बेकारी पर नियंत्रण सम्भव है। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में आज पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की पुण्यतिथि सादगी से मनाई गई। चौधरी साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके बताये रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर चौधरी साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में मुख्य रूप से विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, एसआरएस यादव एमएलसी, रामआसरे विश्वकर्मा पूर्व अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग, मुशीर अहमद लारी, एवं हवलदार यादव, श्रीमती गीता पाण्डे, साधना वर्मा, नीता सचान, रंजू यादव, राहुल सिंह, प्रदीप शर्मा, अतुल प्रजापति, डाॅ0 भूपेन्द्र सिंह दिवाकर समेत अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे।